भगवंतनगर उन्नाव । समाजवादी पार्टी में जिला सचिव नियुक्त किए गए चार पदाधिकारियों का पार्टी नेता एवं प्रवक्ता अंकित सिंह परिहार ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान सभी नवनियुक्त जिला सचिवों का मुंह मीठा कराकर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी गई। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
समाजवादी पार्टी की ओर से पूर्व जिला पंचायत सदस्य फूलचंद्र पासवान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सिकंदरपुर कर्ण रमाकांत मिश्रा, क्षेत्र पंचायत सदस्य बीघापुर श्रीकृष्ण गौतम और डॉ. कृष्ण कुमार कन्नौजिया को जिला सचिव नियुक्त किया गया है। नियुक्ति पर अंकित सिंह परिहार ने चारों पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि समर्पित और अनुभवी कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी मिलने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और बूथ एवं सेक्टर स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। इसके साथ ही युवाओं, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा आम जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अंकित सिंह परिहार ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों की विचारधारा पर काम करती है। संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त जिला सचिव अपने अनुभव और जनसंपर्क के माध्यम से जनपद में पार्टी को और मजबूत करेंगे।
इस मौके पर उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को भारी बहुमत से जिताने और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संगठनात्मक एकजुटता और जनसंपर्क को पार्टी की आगामी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।
