लखनऊ एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच में खुलासा, भारतीय पासपोर्ट समेत तीन मोबाइल और लैपटॉप बरामद
लखनऊ। सरोजनीनगर थाना पुलिस और अमौसी एयरपोर्ट की इमिग्रेशन टीम ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने वाले एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दुबई से लखनऊ लौट रहा था। एयरपोर्ट पर जांच के दौरान उसकी पहचान और दस्तावेजों में अंतर मिलने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कथित रूप से कूटरचित भारतीय पासपोर्ट, नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र की छायाप्रति, नेपाली पैनकार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और स्मार्टवॉच बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को दुबई से लखनऊ पहुंची फ्लाइट के यात्री दिलीप कुमार पर संदेह होने के बाद इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसके दस्तावेजों की जांच की। जांच में उसके पास से नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र और पैनकार्ड मिले। इन दस्तावेजों में उसका नाम दिनेश खड़का, पिता नरबहादुर खड़का, निवासी वार्ड नंबर-10, लम्की चूहा पालिका, जिला कैलाली, नेपाल दर्ज था।
पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने अपनी नेपाली नागरिकता छिपाकर और कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज बनवाए तथा भारतीय पासपोर्ट प्राप्त किया। इसी पासपोर्ट के आधार पर वह फरवरी 2026 में दुबई गया था। वापस लौटने पर लखनऊ एयरपोर्ट पर जांच के दौरान उसे पकड़ लिया गया।
इमिग्रेशन अधिकारी की तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 410/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 337, 339 और 340(2), पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(ख) तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम, 2025 की धारा 22 के तहत कार्रवाई की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का निवासी है। उसने ऑनलाइन गैम्बलिंग के मामले में अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की बात भी कही। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पते के दस्तावेज बनवाकर पासपोर्ट प्राप्त किया था।
पुलिस ने आरोपी की पहचान दिलीप कुमार पुत्र नरेश कुमार के रूप में दर्ज की है, जबकि उसका नेपाली नाम दिनेश खड़का बताया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अवनीश कुमार वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन और संबंधित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में अमौसी एयरपोर्ट की इमिग्रेशन टीम और सरोजनीनगर थाना पुलिस शामिल रही।
