सरोजनीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, 50 बंडल बिजली के तार, 69 हजार रुपये नकद और दो कारें बरामद
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन की सरोजनीनगर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बिजली के तार की डकैती करने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के 50 बंडल विद्युत तार, 69 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को विकास अवस्थी निवासी नरहरपुर, सैदापुर ने सरोजनीनगर थाने में तहरीर देकर बताया था कि 26 अक्टूबर की रात दरोगाखेड़ा स्थित निर्माणाधीन उदा देवी महिला बटालियन के स्टोर रूम का ताला तोड़कर अज्ञात लोग बिजली के तार के 50 कार्टून चोरी कर ले गए हैं। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में छह पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के करीब 120 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने 31 अक्टूबर को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष सिंह उर्फ मनीष सिसौदिया, राहुल सिंह उर्फ बड्डा, वकील, महताब, अतुल सिंह और कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। इनमें कुछ आरोपी आगरा और कुछ गाजियाबाद के रहने वाले हैं।
मजदूर और मैकेनिक बनकर करते थे रेकी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी मनीष सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में निर्माणाधीन और निर्मित भवनों में बिजली, मैकेनिक और मजदूरी का काम करते थे। इसी दौरान वे ऐसे स्थानों की रेकी करते थे, जहां से बिजली का तार और अन्य सामान चोरी किया जा सके। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देते थे।
आरोपियों ने कथित तौर पर 25 और 26 अक्टूबर की रात दो कारों से दरोगाखेड़ा स्थित निर्माणाधीन भवन पहुंचकर वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड और उसके साथी को डराकर बंधक बना लिया। इसके बाद उनकी बंदूक लेकर गोदाम का ताला तोड़ा और करीब 50 बंडल बिजली के तार लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए कुछ तार अन्य साथी के पास चले गए, जबकि शेष तार एक खंडहर में छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य चोरी का माल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गोसाईगंज और सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्रों में भी बिजली के तार चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
दो अन्य वारदातों का भी खुलासा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर सरोजनीनगर में दर्ज मुकदमा संख्या 409/2026 के अलावा गोसाईगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 347/2026 का भी खुलासा किया है। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, डकैती, बिजली अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिला 25 हजार का पुरस्कार
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में की गई। एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा एसीपी कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर राजदेव राम प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम और सर्विलांस सेल ने कार्रवाई की।
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से घटना का सफल अनावरण करने वाली टीमों को प्रशस्ति पत्र और 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
