
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने शुक्रवार को विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन दल बिहार में अगली सरकार घुसपैठियों के वोट की मदद से बनाना चाहते हैं।वैशाली जिले में आयोजित बुद्धिजीवियों की बैठक को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि विपक्ष अब “वोट चोरी” के अपने ही आरोपों पर बोलना बंद कर चुका है, क्योंकि निर्वाचन आयोग ने उनसे इन आरोपों के समर्थन में हलफनामे मांगे हैं। नड्डा ने कहा, “विपक्ष ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर आपत्ति जताई थी, क्योंकि वे घुसपैठियों के वोट के आधार पर सरकार बनाना चाहते हैं। लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ऐसा कभी नहीं होने देगी। अब वे बेनकाब हो चुके हैं, क्योंकि उनके पास अपने आरोपों का कोई सबूत नहीं है।”भाजपा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “लालू प्रसाद की पार्टी राजद का मतलब है—रंगदारी, जंगलराज और दबंगई।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को “जंगलराज” से मुक्त कराया है और राज्य को विकास की राह पर अग्रसर किया है।नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि राजग सरकार ने बिहार के लिए अनेक विकास परियोजनाएं शुरू की हैं और राज्य के रेल बजट में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है।
