नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि इस वर्ष अब तक अमेरिका और ब्रिटेन से कुल 2890 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लौटाया गया है। इनमें 2790 लोग अमेरिका से और 100 नागरिक ब्रिटेन से वापस आए हैं। ये सभी भारतीय नागरिक इन देशों में अवैध रूप से रह रहे थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को बताया कि अमेरिका से लौटे भारतीयों की पहचान और राष्ट्रीयता की पुष्टि के बाद उन्हें भारत भेजा गया है। इसी तरह ब्रिटेन की ओर से भी लगभग 100 भारतीयों को वापस भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और ब्रिटेन दोनों देशों में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ इस वर्ष कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इन कार्रवाइयों के तहत कई भारतीय नागरिकों को भी अपने देश लौटना पड़ा है।
Source – यूनीवार्ता
