मुंबई।बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘भूल भुलैया 3’ की पहली वर्षगांठ पर अपने करियर का नया अध्याय शुरू कर दिया है। इस कनमौके पर उन्होंने अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘नागज़िला’ की शूटिंग का शुभारंभ किया है।
इस फिल्म का निर्देशन ‘फुकरे’ फेम मृगदीप सिंह लांबा कर रहे हैं, जबकि निर्माण का जिम्मा करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स ने संभाला है। कार्तिक ने सोशल मीडिया पर फिल्म के मुहूर्त शॉट की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा –
> “‘भूल भुलैया 3’ को हुए एक साल और ‘नागज़िला’ की हुई शुरुआत… हर हर महादेव 🙏 14 अगस्त 2026।”
पोस्ट में कार्तिक क्लैपबोर्ड हाथ में लिए मुस्कुराते नजर आ रहे हैं, जिससे उनके प्रशंसकों के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ‘नागज़िला’ एक जॉनर-बेंडिंग एंटरटेनर है, जिसमें रहस्य, थ्रिल, हास्य और पौराणिकता का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। कहानी दर्शकों को ऐसी रहस्यमयी दुनिया में ले जाएगी, जहां डर और हंसी दोनों साथ-साथ चलेंगे।
‘भूल भुलैया 3’ में ‘रूह बाबा’ बनकर दर्शकों का दिल जीतने वाले कार्तिक इस बार एक बिल्कुल नए अवतार में नजर आएंगे। फिल्म समीक्षकों का मानना है कि यह प्रोजेक्ट कार्तिक के करियर में एक और मील का पत्थर साबित हो सकता है।
‘नागज़िला’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा कार्तिक आर्यन की एक और रोमांटिक फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ 31 दिसंबर 2025 को दर्शकों के बीच आने वाली है।
फिल्म इंडस्ट्री के सूत्रों के अनुसार, इन दोनों फिल्मों से कार्तिक न सिर्फ अपनी बहुमुखी प्रतिभा बल्कि दर्शकों के बीच अपनी जबरदस्त पकड़ भी एक बार फिर साबित करने जा रहे हैं।
