उन्नाव। जनपद में चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने विधानसभा सदर के बूथ संख्या 164, मोहल्ला कल्याणी देवी पहुंचकर अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ द्वारा घर-घर वितरित किए जा रहे गणना प्रपत्रों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर उपस्थित मतदाताओं को अपने हाथों से गणना प्रपत्र वितरित किए और उन्हें प्रक्रिया के महत्व से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची पूर्ण रूप से निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटि रहित होनी चाहिए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक घर तक गणना प्रपत्र पहुंचे — चाहे घर बंद ही क्यों न हो। यदि किसी घर में ताला लगा हो, तब भी गणना प्रपत्र वहाँ उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को गणना प्रपत्र न मिले तो बीएलओ को तीन बार जाकर प्रपत्र उपलब्ध कराना होगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो, और कोई भी पात्र मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के कार्य में तेजी लाई जाए और शत-प्रतिशत घरों में गणना प्रपत्र का वितरण सुनिश्चित किया जाए ताकि जनपद की मतदाता सूची पूर्णत: अद्यतन और पारदर्शी बन सके।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
