शादी के लिए दबाव से परेशान होकर की थी वारदात, शव को ट्रैवल बैग में भर फेंका रेलवे ब्रिज के पास
अहमदाबाद। गुजरात के सूरत में लिव-इन पार्टनर की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने आरोपी रवि कुमार शर्मा को दिल्ली-फरीदाबाद ट्रेन से गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने अपनी 25 वर्षीय लिव-इन पार्टनर काजल देवी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को ट्रैवल बैग में पैक कर सूरत जिले के कोसंबा गांव में फेंक दिया।
शादी के लिए दबाव बना रही थी काजल
पुलिस के अनुसार, रवि कुमार शर्मा और काजल देवी के बीच पिछले कुछ समय से शादी को लेकर विवाद चल रहा था। काजल उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर रवि ने यह कदम उठाया। यह मामला तब सामने आया जब 3 नवंबर को सूरत के तड़सादी गांव में एक व्यक्ति को संदिग्ध ट्रैवल बैग मिला। जब पुलिस ने बैग खोला तो उसमें महिला का शव मिला, जिसके हाथ-पैर धागे से बंधे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। महिला के दोनों हाथों पर टैटू बने हुए थे, जिससे पहचान में मदद मिली। पुलिस ने शव की पहचान के लिए और आरोपी की गिरफ्तारी हेतु 10 टीमें गठित कीं।
सोशल मीडिया से हुई थी मुलाकात
जांच में पता चला कि मृतका बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली काजल देवी थी। उसकी चार साल पहले अखिलेश मुखिया नामक युवक से शादी हुई थी और एक दो वर्षीय बेटा भी है। पति से अनबन के बाद काजल अपने बेटे के साथ दिल्ली आ गई थी, जहां करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से रवि कुमार शर्मा से हुई।
धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे साथ रहने लगे। कुछ समय बाद रवि सूरत में एक टेक्सटाइल फैक्ट्री में काम करने लगा। काजल ने उसे खोजकर वहीं उसके साथ रहना शुरू कर दिया। दोनों पिछले ढाई महीने से तड़सादी गांव के एक कमरे में रह रहे थे।
2 नवंबर को हुई थी झगड़ा और हत्या
सूरत पुलिस के एसपी राजेश गढिया ने बताया कि 2 नवंबर को दोनों के बीच सोशल मीडिया पर रवि की दूसरी लड़कियों से बातचीत को लेकर विवाद हुआ। उसी दिन जब काजल का बेटा बाहर खेल रहा था, रवि ने गुस्से में आकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
इसके बाद उसने बच्चे को एक दोस्त के घर ले जाकर कहा कि वह और काजल शॉपिंग करने जा रहे हैं। फिर बाजार से एक ट्रैवल बैग खरीदा, शव को उसमें पैक किया और रेलवे ओवरब्रिज के पास फेंक दिया।
दिल्ली-फरीदाबाद ट्रेन में चढ़ा आरोपी
वारदात के बाद रवि बच्चे को लेकर दिल्ली भागने की फिराक में था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक की तो उसकी लोकेशन दिल्ली में मिली। गुप्त सूचना पर सूरत पुलिस की टीम ने फरीदाबाद पुलिस और जीआरपी के सहयोग से उसे दिल्ली-फरीदाबाद ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सूरत लाया जा रहा है। बच्चे को पुलिस ने अपनी निगरानी में लिया है और मृतका के परिजनों से संपर्क कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
