संवाददाता/ उन्नाव
उन्नाव। कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में मिशन शक्ति-5 फाइव के अंतर्गत आयोजित “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की बड़ी संख्या में छात्राओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं और शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, एआई के दुरुपयोग, पढ़ाई के साथ रोजगार, दहेज, बाल विवाह, सामाजिक भेदभाव सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जिलाधिकारी से सीधे संवाद कर अपने प्रश्न पूछे।
एआई के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की बात
एक छात्रा द्वारा एआई के गलत इस्तेमाल, फोटो-वीडियो को मॉर्फ कर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के सवाल पर जिलाधिकारी ने कहा कि
“ऐसे मामलों में महिला हेल्पलाइन या साइबर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराएं, 24 घंटे में सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने 1076, 1098, 181 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
पढ़ाई के साथ रोजगार—‘कोड योगी’ को बताया उपयोगी
घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर पढ़ाई के साथ रोजगार कैसे करें, इस सवाल पर जिलाधिकारी ने छात्राओं को टेलीग्राम के ‘कोड योगी’ प्लेटफ़ॉर्म की जानकारी दी और कहा कि
“मेहनत और कौशल के साथ लाखों रुपये प्रतिमाह कमाना संभव है।”
महिला अपराध, दहेज और घरेलू हिंसा पर जागरूकता
दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में जिलाधिकारी ने दहेज निषेध कानून और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को जागरूक रहने और शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को दिए प्रेरक संदेश
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कहा—
“महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। लक्ष्य तय कर मेहनत करें, आत्मनिर्भर बनें और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।”
उन्होंने छात्राओं को निडर होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने भी किया संवाद
सीडीओ सुश्री कृतिराज ने छात्राओं से कहा कि वे अपनी समस्याएं खुलकर बताएं। उन्होंने कहा कि
“लक्ष्य तय कर कठिन परिश्रम करें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश की प्रगति में भागीदार बनें।”
महिला सुरक्षा और योजनाओं की विस्तृत जानकारी
जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमा नाथ राय ने 1090, 1076, 181, 1098, 112 सहित सभी महिला हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर की सुविधाएं, स्पॉन्सरशिप योजना, बाल सेवा योजना आदि योजनाओं के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
