उन्नाव। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) उन्नाव–लालगंज नेशनल हाइवे, PIU कानपुर के अंतर्गत उन्नाव हाइवेज़ प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ‘गलत दिशा में आवाजाही रोको (Stop Wrong Side Movement)’ जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
यह अभियान 18 नवंबर 2025 से जारी है, जिसका मुख्य उद्देश्य हाईवे पर गलत दिशा में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
अभियान में NHAI की टीम के साथ बीघापुर पुलिस प्रशासन ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। बीघापुर थाना प्रभारी और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क उपयोगकर्ताओं को सही दिशा में चलने, यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान NHAI और कंपनी की टीम ने सड़क सुरक्षा के तहत वाहन चालकों के वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाया, पंपलेट वितरित किए, तथा लोगों को गलत दिशा में वाहनों की आवाजाही के खतरों के बारे में विस्तार से बताया। टीम ने बताया कि गलत दिशा में चलना सड़क हादसों का मुख्य कारण बनता है, इसलिए इस आदत को रोकना अत्यंत आवश्यक है।
उन्नाव हाइवेज़ प्राइवेट लिमिटेड ने कहा है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और हाईवे सुरक्षा को लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जाएगा।
