उन्नाव। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत एनएचएआई पीआईयू-कानपुर के अंतर्गत कार्यरत वर्टिस उन्नाव हाइवेज़ प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गुरुवार को गदनखेड़ा चौराहे पर सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाहन चालकों को ‘अपनी अमूल्य ज़िंदगी का महत्व समझें’ संदेश देते हुए यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
अभियान NHAI PD एमआर पंकज यादव के निर्देशानुसार तथा यातायात पुलिस प्रभारी सुनील सिंह व जयप्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम के सहयोग से सैकड़ों वाहनों पर रेडियम स्टिकर लगाए गए, जिससे रात में दृश्यता बढ़े और दुर्घटना की संभावना कम हो। साथ ही पंपलेट वितरित कर वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सीएसआर मैनेजर फिरोज खान ने हेलमेट के सही उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि लोग हेलमेट पहनकर भी लॉक लगाना भूल जाते हैं, जो दुर्घटना के समय गंभीर चोट का कारण बनता है। उन्होंने कार में सीट बेल्ट की अनिवार्यता पर भी जोर दिया।
वहीं हिंगलाज दान ने कहा कि सड़क पर हर पल खतरा बना रहता है, इसलिए सतर्क रहना और नियमों का पालन करना जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
उन्नाव हाइवेज़ प्राइवेट लिमिटेड के सुरक्षा अधिकारी आनंद राजपूत ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि हेलमेट न पहनने की एक छोटी-सी भूल जीवन का आखिरी दिन बन सकती है। दुर्घटना अचानक होती है, इसलिए हर समय सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।
अभियान में ट्रैफिक पुलिस टीम, कंपनी के कर्मचारी और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।
