उन्नाव। फतेहपुर के लेखपाल स्व. साथी सुधीर की आत्महत्या के मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर उ.प्र. लेखपाल संघ, तहसील इकाई बीघापुर उन्नाव के लेखपालों ने शुक्रवार को तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लेखपाल शामिल रहे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशासनिक उत्पीड़न और मानसिक दबाव के कारण साथी सुधीर को आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा, जो विभाग के लिए बेहद गंभीर और दुखद घटना है। संघ ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच और आरोपित अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
संघ की प्रमुख मांगे
- संजय कुमार सक्सेना (PCS) और शिवराम (रा.नि.) के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया जाए।
- मृतक की माता को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
- लेखपालों पर अनावश्यक मानसिक और शारीरिक दबाव बंद किया जाए।
- लेखपालों को SIR उपलब्ध कराई जाए।
- एक माह के वेतन के बराबर प्रोत्साहन राशि दी जाए।
- SR की समय सीमा बढ़ाई जाए।
तहसील अध्यक्ष अविनाश सिंह और तहसील मंत्री गौरव मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और विस्तारित किया जाएगा। संघ ने कहा कि साथी सुधीर की मौत न्याय की लड़ाई को और मजबूत बनाती है।
