उन्नाव । जनपद के अचलगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात का पर्दाफाश हुआ। घर से उठ रही तेज बदबू पर ग्रामीणों को शक हुआ। जब लोगों ने दरवाजा खोला तो भीतर का नज़ारा देखकर सभी सन्न रह गए। चारपाई पर मनोज (35) का खून से लथपथ, सड़ा-गला शव पड़ा था। चेहरे और सिर पर धारदार हथियार से कई वार साफ दिख रहे थे। कमरे में हर तरफ बिखरा खून, चारपाई के पास एक लोहे की रॉड और शराब के खाली पैकेट बरामद हुए, जो हत्या की क्रूरता और संघर्ष की कहानी खुद बयां कर रहे थे।
पत्नी मायके में, मनोज था अकेला
बताया जा रहा है कि मनोज की पत्नी पिछले एक महीने से मायके में रह रही थी और वह घर पर अकेला था। परिवार के मुताबिक मृतक से आखिरी बार शुक्रवार रात बात हुई थी, उसके बाद से फोन बंद मिल रहा था।
जमीनी विवाद या किसी जान-पहचान वाले की करतूत?
मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घर से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में जमीन विवाद का कोण सामने आया है, हालांकि पुलिस रंजिश, शराब पार्टी और किसी जान-पहचान वाले की भूमिका से भी इनकार नहीं कर रही। कमरे की हालत से यह भी आशंका लगाई जा रही है कि हत्या घर के अंदर ही किसी परिचित ने की हो, जो मनोज पर आसानी से हमला कर सका।
पोस्टमार्टम बताएगा सच
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या का समय, हमलावरों की संख्या और इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में अहम सुराग मिलेंगे।
गांव में दहशत, कई संदिग्धों से पूछताछ
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच अधिकारी का कहना है कि साक्ष्यों और फोन रिकॉर्ड के आधार पर जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
आखिर किसकी इतनी गहरी दुश्मनी थी मनोज से? किस वजह से इतनी बेरहमी से उसकी हत्या की गई?
इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही साफ होंगे।
