आजमगढ़ । यूपी के आजमगढ़ में मंगलवार को सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने आजमगढ़–मऊ मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इसी बीच घोसी जा रहे सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी जाम में फंस गए। मामले की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
जानकारी के अनुसार, लालमुन्नी (50) पत्नी जोखन राम की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया। करीब एक किलोमीटर तक वाहन फंस गए।
जाम में फंसे अखिलेश यादव ने तुरंत पीड़ित परिवार से मुलाकात की, मृतका के पति को सांत्वना दी और एक लाख रुपये का लिफाफा दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी से फोन पर बात कर उचित मुआवजे का आश्वासन दिलवाया। अखिलेश ने कहा कि—
- “डीएम साहब पांच लाख देंगे।”
- “दो लाख हम देंगे।”
- “बाकी मदद सरकार से दिलवाई जाएगी।”
उन्होंने परिवार को सलाह दी कि वे ड्राइवर से किसी भी तरह का समझौता न करें। साथ ही घोसी सांसद राजीव राय और क्षेत्रीय विधायक को निर्देश दिया कि बुधवार को वे परिवार को एक लाख का चेक सौंपें।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खत्म कराया गया और मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
