नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार तड़के नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए रवाना हुए। लंदन प्रवास के बाद वे जर्मनी पहुंचेंगे, जहां 15 से 20 दिसंबर तक उनका आधिकारिक दौरा कार्यक्रम प्रस्तावित है।
अपने जर्मनी प्रवास के दौरान राहुल गांधी 17 दिसंबर को राजधानी बर्लिन में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात वहां के सांसदों, जर्मन प्रशासन से जुड़े अधिकारियों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से होने वाली है।
राहुल गांधी बर्लिन में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस मंच पर वे यूरोप के विभिन्न देशों से आए आईओसी के पदाधिकारियों और नेताओं से संवाद करेंगे। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने इस दौरे को पार्टी के वैश्विक संवाद और संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
आईओसी के अनुसार, बैठक में यूरोप स्थित स्थानीय इकाइयों से जुड़े प्रमुख एनआरआई मुद्दों, कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि बीते छह महीनों में राहुल गांधी का यह पांचवां विदेशी दौरा है। इससे पहले जुलाई से सितंबर के बीच वे लंदन, मलेशिया, ब्राजील और कोलंबिया की यात्राएं कर चुके हैं। लगातार हो रहे इन दौरों को कांग्रेस पार्टी के अंतरराष्ट्रीय संपर्क और संवाद बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
