कानपुर नगर। नौबस्ता थाना क्षेत्र के आवास विकास स्थित हंसपुर की रहने वाली लीलावती ने दबंगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीसीपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि मोहल्ले के रहने वाले गोपाल राजपूत, गोविंद राजपूत, सूर्या राजपूत सहित छह अज्ञात लोग आए दिन नशेबाजी करते हैं और महिलाओं पर अश्लील हरकतें व गंदे कमेंट करते हैं।
लीलावती के अनुसार 16 दिसंबर की रात करीब 9 बजे जब आरोपियों ने अश्लील इशारे किए तो विरोध करने पर उन्होंने घर में तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने हमला कर दिया, जिसमें सोनू राजपूत के दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया।
पीड़िता ने बताया कि उसी दौरान उनके समधी, जो घर सामान देने आए थे, उन पर भी हमला किया गया, जिससे उनका सिर फट गया। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे मोनू राजपूत पर गोविंद राजपूत ने फरसे से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई और थाना नौबस्ता में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन आरोप है कि इसके बाद आरोपी और भड़क गए और घर पर ईंट-पत्थर फेंकने के साथ गाली-गलौज करने लगे। पीड़िता का यह भी आरोप है कि थाने में दी गई तहरीर को बदल दिया गया, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
न्याय न मिलने पर पीड़ित परिवार डीसीपी कार्यालय पहुंचा, जहां डीसीपी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
