उन्नाव। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान–2026 के तहत विशेष रोल प्रेक्षक आईएएस संजय अग्रवाल ने गुरुवार को पन्नालाल सभागार में अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव भी सुने।
बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने विशेष रोल प्रेक्षक को अब तक की गई कार्यवाही की विस्तृत जानकारी स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से दी। विशेष रोल प्रेक्षक ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और कोई भी अपात्र नाम सूची में दर्ज न हो।
उन्होंने कहा कि एक परिवार के सभी मतदाताओं के नाम एक ही स्थान पर दर्ज किए जाएं। महिला मतदाताओं के नाम न छूटें और लिंगानुपात संतुलित बना रहे, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतदाताओं की फोटो का सत्यापन पूरी सावधानी से कर ही अपलोड किया जाए तथा नाम विलोपन की प्रक्रिया पूरी जांच के बाद ही की जाए। एएसडी (संदिग्ध) मतदाताओं के मामलों में नोटिस और मैपिंग कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया।
विशेष रोल प्रेक्षक ने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 पर विशेष फोकस करने तथा निर्वाचक नामावली को समयबद्ध और सही ढंग से अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बीएलए के माध्यम से मतदाता सूची का मिलान कर लें और यदि किसी मृत व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज है या कोई पात्र मतदाता छूट गया है, तो संबंधित फॉर्म भरकर आपत्ति दर्ज कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकाशित मतदाता सूची पर प्राप्त सभी आपत्तियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। साथ ही एक परिवार के मतदाताओं को उनकी पसंद के अनुसार एक ही बूथ से जोड़ने की व्यवस्था पर भी कार्य किया जा रहा है।
समीक्षा बैठक के बाद विशेष रोल प्रेक्षक ने तहसील सदर स्थित बीआरसी केंद्र का निरीक्षण किया और कंप्यूटर ऑपरेटरों से फार्म भरने की प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने तहसीलदार न्यायालय में स्थापित दावा-आपत्ति कक्ष का भी निरीक्षण कर निस्तारण प्रक्रिया की समीक्षा की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड़, उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज दुबे सहित हसनगंज, बांगरमऊ, बीघापुर, सफीपुर एवं पुरवा के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
