मौरावां, उन्नाव। नगर अध्यक्ष विवेक सेठ द्वारा आयोजित जी राम जी चौपाल कार्यक्रम में सांसद संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया और अन्य दलों पर तीखा प्रहार भी किया।
कार्यक्रम नगर क्षेत्र के बसहा तिराहे पर बरौला गांव के लल्ला बाबा प्रांगण में आयोजित किया गया। सांसद संजय सेठ ने बताया कि जी राम जी योजना के माध्यम से 125 दिनों की रोजगार गारंटी योजना लागू है, जिसमें गांवों के विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सांसद संजय सेठ का माल्यार्पण और पटुका पहनाकर नगर अध्यक्ष विवेक सेठ ने की। आयोजन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा, जमुना शंकर तिवारी, अवधेश दीक्षित, अरूण दीक्षित, ग्राम प्रधान बरोला, समाजसेवी रामबाबू लोधी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश चौधरी ने किया।
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सांसद के सामने रखीं। इनमें अधिकांश समस्याएं पेंशन, विकास कार्य और स्थानीय सुविधाओं से संबंधित रही। सांसद संजय सेठ ने सभी समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
