उन्नाव। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र शांति, सुरक्षा, कानून एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विकास भवन सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरांग राठी ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिले के धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान महाशिवरात्रि पर निकलने वाली शोभा यात्राओं व लगने वाले मेलों से संबंधित समस्याओं को धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने जिलाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने सभी सुझावों व शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों व संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान शिवालयों, मंदिरों एवं शोभा यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था तथा महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही पीडब्ल्यूडी, पुलिस, प्रशासन एवं आयोजकों के साथ मिलकर शोभा यात्रा मार्गों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर लगने वाले मेलों में झूलों की सुरक्षा, शौचालय, पेयजल व स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को शोभा यात्राओं के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने और सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने की अपील की गई।
उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, ऐसे में लाउडस्पीकर का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए, नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को पर्व के दौरान चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी जुलूस व शोभा यात्राएं परंपरागत मार्गों से ही निकाली जाएंगी। डीजे पर किसी भी प्रकार के विवादित गीत बजाने पर रोक रहेगी। शोभा यात्रा मार्गों पर मांस की दुकानें बंद रहेंगी। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि जुलूस समय से प्रारंभ कर समय पर समाप्त किए जाएं, वाहन निर्धारित रूट पर ही चलें तथा झांकियों की ऊंचाई तय मानकों के अनुरूप रखी जाए। थाना प्रभारियों को अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विकास कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, सीओ सिटी, एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी सहित विभिन्न समुदायों व सामाजिक संगठनों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
