उन्नाव । जनपद के भगवन्तनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित महेंद्र कुमार मिश्र इंटर कॉलेज, खरौली में शनिवार को जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं फीता काटकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत कबड्डी प्रतियोगिता से हुई। मुख्य अतिथि पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने बालिका वर्ग के मैच का शुभारंभ कराया। इस दौरान उन्होंने जय माँ गंगा क्लब बैदरा की कप्तान माधुरी और केकेसी हरौनी की कप्तान शालिनी से परिचय प्राप्त किया तथा टॉस कराया। टॉस बैदरा टीम की कप्तान माधुरी ने जीता। दोनों टीमों के बीच कड़े संघर्ष के बाद जय माँ गंगा क्लब बैदरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा, “मुझे खुशी है कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाएं निखर रही हैं। मेरी तमन्ना है कि हमारे क्षेत्र की प्रतिभाएं एक दिन विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन करें। अगर किसी प्रतिभा को सहयोग की आवश्यकता हो तो मैं सदैव तैयार हूं।”
इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आए बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में खिलाड़ियों में जोश और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राघवेंद्र सिंह (प्रधान खरौली), संतोष सिंह, प्रांशू सिंह (खेल प्रमुख), पं. रामकृष्ण मिश्र (प्रबंधक), अनुज यादव (BDC), रज्जन द्विवेदी, रविकांत शुक्ला, ओमप्रकाश सिंह, बबलू डॉक्टर, सुनील शुक्ला, अरुण सिंह, अखिलेश पटेल, अनिल सिंह, सूरज सिंह, रोहित काका, प्रखर सिंह, अनीश यादव, फुन्नी त्रिपाठी, पंकज सिंह, सौरभ सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विजेता टीम को बधाई एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के साथ किया गया।
