उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी बताए जा रहे पिता-पुत्र को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पाठकपुर गांव निवासी राजू (50) अपने बेटे राज के साथ गांव के बाहर एक बाग में झोपड़ी बनाकर रहते हैं। बताया जा रहा है कि 30 जुलाई की रात दोनों झोपड़ी के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी सोनू (30), पुत्र गोकुल, पर उनका मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगा।
परिजनों के मुताबिक, चोरी हुआ एक मोबाइल बाद में बंद पड़ी गुमटी के पास बरामद हुआ। इसके बाद राजू और उसका पुत्र राज सोनू को पकड़कर उसके घर पहुंचे और मोबाइल चोरी की शिकायत की।
आरोप है कि इसके बाद सोनू के हाथ रस्सी से बांध दिए गए। उसका सिर मुंडवाने के साथ आधी मूंछ भी काट दी गई और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसे गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए घटना की जानकारी पुलिस को मिली। मामले में पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और सामने आए तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट की जाएगी।
