बाराबंकी। जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान शहर के विभिन्न गैराजों, स्पेयर पार्ट्स की दुकानों और वर्कशॉप की सघन चेकिंग की गई।
दुकानों और गैराजों में छापेमारी
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अंकिता शुक्ला और यातायात प्रभारी रामयतन यादव की संयुक्त टीम ने शहर की ऑटो पार्ट्स की दुकानों और बुलेट मोटरसाइकिल के वर्कशॉप का निरीक्षण किया। टीम ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न की बिक्री न करें। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी।
साउंड लेवल मीटर से हुई जांच, दर्जनों चालान
अभियान के दौरान टीम ने शहर के व्यस्त पटेल तिराहा पर चेकिंग प्वाइंट लगाया। यहाँ विशेष रूप से बुलेट वाहनों की जांच की गई। एआरटीओ और टीआई ने साउंड लेवल मीटर का उपयोग करते हुए 15 बुलेट वाहनों की ध्वनि की तीव्रता मापी। मानक से अधिक आवाज पाए जाने पर इन वाहनों का भारी चालान किया गया।
मौके पर उतरवाए गए साइलेंसर
वहीं, यात्री मालकर अधिकारी रवि चंद्र त्यागी ने सक्रियता दिखाते हुए अधिक शोर करने वाले 3 बुलेट वाहनों के मॉडिफाइड साइलेंसरों को मौके पर ही उतरवा दिया। इन वाहनों का चालान करने के साथ ही वाहन स्वामियों को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा इन साइलेंसरों का उपयोग किया गया, तो वाहन को सीज करने जैसी विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
परिवहन विभाग की इस औचक कार्रवाई से मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों और स्टंट बाजी करने वाले युवकों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों का कहना है कि ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
