बाराबंकी। प्रधानमंत्री के आह्वान और उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्ट्रेट सभागार, बाराबंकी में जिलाधिकारी (डीएम) की अध्यक्षता में सर्राफा व्यापारियों के साथ एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक (एसपी), राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सर्राफा एसोसिएशन बाराबंकी के पदाधिकारी और जनपद के प्रमुख व्यापारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने और सोने के आयात पर चर्चा
बैठक का मुख्य उद्देश्य वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के कारण विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ रहे दबाव को कम करना तथा सोने के आयात को नियंत्रित करने के संबंध में व्यापारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना रहा। जिलाधिकारी ने उपस्थित व्यापारियों को वैश्विक आर्थिक परिदृश्य की जानकारी देते हुए देशहित में सोने एवं चांदी की बुलियन (ईंट/बिस्कुट) की खरीद-बिक्री को स्वेच्छा से हतोत्साहित करने की अपील की।
सर्राफा एसोसिएशन ने दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा
प्रशासन की इस अपील पर सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सोनी सहित अन्य प्रमुख व्यापारियों ने शासन-प्रशासन को अपने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और युद्धजनित आर्थिक प्रभावों को देखते हुए वे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में हर संभव योगदान देंगे।
सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने सभी व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा भरोसा दिलाया। वहीं, व्यापार मंडल की ओर से घंटाघर क्षेत्र के व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग रखी, जिस पर एसपी ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही व्यापारियों ने अपनी कुछ अन्य व्यावहारिक समस्याएं भी प्रशासन के सामने रखीं, जिनके त्वरित समाधान के लिए डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया।
बैठक में यह प्रमुख लोग रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में व्यापारी वर्ग से शशी शेखर गुप्ता, अनिल रस्तोगी, राजू वर्मा, संतोष कुमार सोनी, सुनील त्रिवेदी, नीरज सोनी, विकास गुप्ता, श्यामजी गुप्ता, मुरारी लाल, अजीत सोनी एवं अनन्त कुमार सहित कई प्रमुख व्यवसायी मौजूद रहे।
वहीं प्रशासनिक स्तर पर उपायुक्त राज्य कर प्रेरणा सिंह, विकास कुमार सेठ, अंजू उपाध्याय, सहायक आयुक्त राज्य कर अंचल अग्रवाल, ज्योत्स्ना सिंह, राज्य कर अधिकारी रवि प्रकाश सिंह एवं सुश्री कहकशाँ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
