बीघापुर, उन्नाव। भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था से भगवन्त नगर विधानसभा क्षेत्र एक बार फिर आध्यात्मिक रंग में रंगने जा रहा है। क्षेत्र में 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा के भव्य आयोजन का प्रस्ताव है। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
इसी क्रम में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह ने गांव पहुंचकर क्षेत्रवासियों से मुलाकात की और उन्हें परिवार सहित शिव महापुराण कथा में शामिल होने का आत्मीय निमंत्रण दिया। उन्होंने लोगों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
अरुण सिंह ने कहा कि शिव महापुराण केवल कथा नहीं, बल्कि भगवान शिव की भक्ति, संस्कार और जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है। इसमें किसी राजनीतिक दल, जाति या वर्ग का कोई भेदभाव नहीं है। भगवन्त नगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति से उनका आग्रह है कि परिवार सहित कथा में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की महिमा का श्रवण करें।
उन्होंने कहा कि भगवन्त नगर की पहचान केवल राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों से नहीं, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और मानवीय परंपराओं से भी होनी चाहिए। ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने के साथ-साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं।
शिव महापुराण कथा को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता का भरोसा दिलाया। लोगों ने कहा कि अपने क्षेत्र में भगवान शिव की कथा सुनने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है और इसे भक्ति एवं पुण्य के अवसर के रूप में लिया जाना चाहिए।
इस दौरान हुई बैठक और जनसंपर्क में बरदहा प्रधान श्रीपाल यादव, अकवाबाद प्रधान रिंकू सिंह, बीडीसी रेस, राम नारायण साहू, पुत्तन अवस्थी, उदय प्रताप सिंह, ज्ञानी गुप्ता, शत्रुघ्न सिंह, गुड्डू शुक्ला, सुशील त्रिवेदी, योगराज सिंह, नरेंद्र विक्रम सिंह, कपिल साहू, उदयराज सिंह, सरकारी सिंह, भोलू सिंह, झब्बू साहू सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
भगवन्त नगर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित यह आयोजन भक्ति, आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश देने वाला होगा। आयोजन को लेकर गांव-गांव संपर्क और लोगों को आमंत्रित करने का सिलसिला जारी है।
हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवन्त नगर क्षेत्र शिव भक्ति में डूबने को तैयार है।
