बिछिया, उन्नाव। विकासखंड बिछिया के नौगवां तौरा गांव में आयोजित 13वें विशाल गणेश महोत्सव का रविवार को गणपति प्रतिमा के विसर्जन के साथ समापन हो गया। इस दौरान भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयकारों के बीच बजरंग धाम नहर में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। बप्पा की विदाई के दौरान भक्त भावुक नजर आए।
नौगवां तौरा में विगत वर्षों की तरह इस बार भी गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया। सात दिनों तक मंदिर परिसर में गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया गया। प्रतिदिन आरती में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु शामिल हुए। महोत्सव के दौरान नन्हे कलाकारों ने गणपति बप्पा से जुड़ी मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
रविवार को पूजन-अर्चन के बाद गणेश प्रतिमा को गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा के रूप में बजरंग धाम नहर ले जाया गया। रास्ते भर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और गणपति बप्पा के जयकारे लगाते नजर आए। बजरंग धाम नहर पर विधि-विधान से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
तौरा गांव निवासी सुनील बाजपेई और मारुत बाजपेई की ओर से प्रत्येक वर्ष मंदिर में गणेश प्रतिमा स्थापित कर सात दिनों तक धार्मिक आयोजन कराया जाता है। इस वर्ष भी आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
विसर्जन के बाद शाम को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में जवाहर भवन-इंदिरा भवन राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडेय, दीपू बाजपेई, आचार्य नवनीत बाजपेई, राकेश शुक्ला, करुणा शंकर अवस्थी, प्रियंका यादव, अनुज यादव, देवेंद्र, अवध, नीरज, कुलदीप, विशाल, अंश, शैलू, आशु और मनीष समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा। आयोजन में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
