बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बाराबंकी स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचे। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में डमरू वादन और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने लोधेश्वर धाम में निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया, उन्हें खिलौने और चॉकलेट वितरित किए तथा बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडल का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल भी वितरित की। कार्यक्रम में बाराबंकी जनपद के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, कृषि यंत्र, टूल किट और स्वीकृति पत्र वितरित कर सम्मानित किया। इनमें कृषि, मत्स्य, ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विश्वकर्मा श्रम सम्मान और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित कई योजनाओं के लाभार्थी शामिल रहे।
