पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र में लोन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। नदी के तेज बहाव और सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण पाटन-पुरवा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तहसील प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार अविनाश मिश्रा तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मचारियों ने पाटन-पुरवा मार्ग और लोन नदी के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नदी के तेज बहाव और क्षतिग्रस्त मार्ग की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैरिकेडिंग कर रोका गया आवागमन
नायब तहसीलदार अविनाश मिश्रा ने बताया कि पाटन-पुरवा मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया है। इसके साथ ही बैजुआमऊ पुल के पास भी बैरिकेडिंग की गई है, ताकि लोगों की आवाजाही को रोका जा सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
प्रशासन ने ग्रामीणों और राहगीरों से अपील की है कि वे जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। अधिकारियों के मुताबिक नदी का बहाव तेज होने की स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
रील और वीडियो बनाने वालों को चेतावनी
लोन नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच पानी और तेज बहाव वाले स्थानों पर रील एवं वीडियो बनाने वालों को प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है। युवाओं से अपील की गई है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तेज बहाव वाले पानी में परिस्थितियां अचानक खतरनाक हो सकती हैं। इसलिए बैरिकेडिंग वाले स्थानों पर आगे जाने का प्रयास न करें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
फिलहाल प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीम क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण आसपास के मार्गों और क्षेत्रों में भी सतर्कता बरती जा रही है।
