अखिलेश यादव के जन्मदिन पर चल रहे अभियान के तहत गांव-गांव लगाए जा रहे पौधे, भारी बारिश में भी जुटे कार्यकर्ता
उन्नाव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में विधानसभा क्षेत्र 166 भगवंतनगर में चल रहे पीडीए वृक्षारोपण अभियान सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड बीघापुर के ग्राम पाही में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी नेता अंकित सिंह परिहार ने किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय सचिव अन्नू टंडन रहीं। उन्होंने पौधरोपण करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे जनअभियानों के माध्यम से लगातार जनता के बीच काम कर रही है। साथ ही उन्होंने अंकित सिंह परिहार द्वारा विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव चलाए जा रहे पीडीए वृक्षारोपण अभियान सप्ताह की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी का सराहनीय प्रयास बताया।
इस अवसर पर अंकित सिंह परिहार ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में शुरू किया गया यह अभियान पूरे विधानसभा क्षेत्र में लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य भी इस अभियान से जुड़ा है।
भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान रूप नारायण पटेल, गुड्डू शुक्ला, विजय यादव, रामसजीवन पटेल (प्रधान, भाटमऊ), अजय पटेल (प्रधान, पाही), इंद्रसेन यादव, मनोज पाल, इश्तियाक खान, देवानंद कुशवाहा, संतोष पटेल, योगेश चौधरी, सुशील कुमार गौतम, सूरज राजपूत लोधी, विश्वभर यादव और धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विवेक पटेल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
