उन्नाव/भगवन्तनगर। विधानसभा क्षेत्र भगवन्तनगर के सुमेरपुर ब्लॉक अंतर्गत बक्सर और सेढूपुर गांवों में भीषण अग्निकांड से तबाही का मंजर देखने को मिला। बुधवार दोपहर और रात को अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए। इस दुख की घड़ी में प्रमुख समाजसेवी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की मदद कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है।
भीषण आग में स्वाहा हुआ जीवन भर की कमाई
जानकारी के अनुसार, आग इतनी विकराल थी कि ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घरों में रखा अनाज, नकदी, मोटरसाइकिल, पंखे और महत्वपूर्ण कागजात जलकर राख हो गए। बक्सर गांव के धनीराम, कमलेश, रामस्वरूप, दुर्गा, रामचंद्र, सुंदरलाल, संतोष, माधुरी, विनोद, दिनेश, उमेश, राजेश, रामदेवी और प्रकाश के परिवारों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, सेढूपुर गांव में कुंजबिहारी पासवान, छेदी, बच्चू, केशन और लक्ष्मण के घर भी आग की चपेट में आने से पूरी तरह बर्बाद हो गए।
तत्काल राहत लेकर पहुंचे पुष्पेंद्र प्रताप सिंह
घटना की सूचना मिलते ही जनसेवा के लिए समर्पित पुष्पेंद्र प्रताप सिंह दोनों गांवों में पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और अग्निपीड़ित परिवारों के बीच राशन सामग्री और आर्थिक सहायता का वितरण किया। उन्होंने पीड़ितों के आंसू पोंछते हुए विश्वास दिलाया कि संकट के इस समय में वे उनके साथ खड़े हैं।
ग्रामीणों ने की मानवीय पहल की सराहना
पुष्पेंद्र प्रताप सिंह के इस बड़े मानवीय कदम की क्षेत्र में चारों ओर प्रशंसा हो रही है। इस अवसर पर मुन्ना सिंह बक्सर, धर्मेंद्र सिंह, पम्मू, राजेन्द्र पाल, सचिन, आर.के. सिंह (मामाजी), पप्पू सिंह, पंकज बाबाजी, प्रखर सिंह, सुनील सिंह, रामजी यादव, लोटन पासवान, राजू, सौरभ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उपस्थित जनसमूह ने पुष्पेंद्र प्रताप सिंह के उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।
