उन्नाव। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ओम्बड्समैन कार्यालय, कानपुर के तत्वावधान में दहीचौकी स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में एक दिवसीय विशाल वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाना, उनके वित्तीय अधिकारों के प्रति सचेत करना और ‘रिजर्व बैंक एकीकृत ओम्बड्समैन योजना 2021’ के बारे में जागरूक करना था।
वैकल्पिक शिकायत निवारण तंत्र है ‘ओम्बड्समैन योजना 2021’
कार्यक्रम के दौरान आरबीआई ओम्बड्समैन कार्यालय, कानपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘रिजर्व बैंक एकीकृत ओम्बड्समैन योजना, 2021’ (RB-IOS 2021) की मुख्य विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रतिभागियों को बताया गया कि यह योजना बैंकों और अन्य विनियमित वित्तीय संस्थाओं के खिलाफ ग्राहकों की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और किफायती समाधान के लिए एक बेहतरीन वैकल्पिक शिकायत निवारण मंच है। सत्र में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर जानकारी दी गई:
- शिकायत का दायरा: किन-किन वित्तीय सेवाओं में कमी होने पर इस योजना के तहत शिकायत दर्ज की जा सकती है।
- CMS पोर्टल: रिजर्व बैंक के सीएमएस (CMS) पोर्टल के माध्यम से बेहद सरल तरीके से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।
- आंतरिक तंत्र का महत्व: ओम्बड्समैन से संपर्क करने से पहले संबंधित बैंक के आंतरिक शिकायत निवारण तंत्र का पूरी तरह उपयोग करने के महत्व को बताया गया।
साइबर टीम ने दिए डिजिटल फ्रॉड से बचने के मंत्र
बढ़ते डिजिटल अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रभारी साइबर क्राइम (उन्नाव) राजेश पाठक और उनकी टीम ने सत्र को संबोधित किया। साइबर टीम ने उपस्थित लोगों को वर्तमान में चल रहे विभिन्न प्रकार के डिजिटल और ऑनलाइन फ्रॉड के तरीकों से अवगत कराया और उनसे सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपाय (निवारण तंत्र) साझा किए।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेताओं को मिले पुरस्कार
इस जागरूकता कार्यक्रम में आरसेटी प्रशिक्षुओं, ग्रामीण युवाओं और बैंक ग्राहकों सहित लगभग 115 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए RB-IOS 2021 से संबंधित पैम्फलेट और पुस्तिकाएं वितरित की गईं।
इसके साथ ही, सीखे गए विषयों पर आधारित एक जागरूकता प्रश्नोतरी (Quiz) का भी आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) देकर पुरस्कृत किया गया।
इन्होंने संभाली कमान
कार्यक्रम का कुशल संचालन जय प्रकाश, प्रहलाद कुमार, मो. आसिफ और निमेष दिसौरिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से फीडबैक फॉर्म भी एकत्र किए गए, जिसमें युवाओं ने इस पहल की भूरि-भूरि सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर आरसेटी निदेशक गौरव कुमार ने सभी अतिथियों, साइबर टीम और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

1 ने “उन्नाव: ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में RBI का वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम संपन्न, डिजिटल फ्रॉड से बचने के दिए टिप्स” पर विचार किया;