पाटन, उन्नाव। श्रावण मास के अंतिम एवं चौथे सोमवार को पाटन क्षेत्र के शिव मंदिरों में भोर पहर से ही हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। अंतिम सोमवार पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से देर शाम तक मंदिरों में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
शिव भक्त रविवार देर शाम गंगा के पावन तटों पर पहुंच गए। सोमवार भोर पहर गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु गंगाजल लेकर क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों में पहुंचे और भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। सहस्त्र लिंगेश्वर महादेव, नर्मदेश्वर महादेव, गौरी शंकर महादेव और अचलेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
भक्तों ने भगवान शिव को अक्षत, कच्चा दूध, शहद, रोली, चंदन, धतूरा, भांग, बेलपत्र, फूल, फल और मिठाई अर्पित की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजते रहे।
501 लीटर गंगाजल से किया जलाभिषेक
इसी क्रम में कस्बा बिहार के नौजवानों की टोली नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां शिव भक्तों ने 501 लीटर गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। टोली में संदीप कुमार मिश्रा, प्रिंशू मिश्रा, हर्ष मिश्रा, उत्कर्ष मिश्रा और अंकित सहित अन्य शिव भक्त शामिल रहे।
पूजा-अर्चना के दौरान छोटे बच्चों की श्रद्धा भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों को पूरी आस्था और प्रेम के साथ भगवान शिव की पूजा करते देखकर मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने उनकी भक्ति की सराहना की।
वहीं क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में शिव भक्तों ने घरों तथा मंदिरों में रुद्राभिषेक कराया। जगह-जगह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। श्रावण के अंतिम सोमवार को पूरे क्षेत्र में दिनभर शिवभक्ति और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
