उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद की कोतवाली सदर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक बड़ी चोरी की घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक महिला अभियुक्त और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 1.75 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
भरोसा जीतकर की चोरी
जानकारी के अनुसार, वादी मनीष शुक्ला उर्फ सौरभ निवासी ए.बी. नगर ने 23 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में पूर्व में किराए पर रहने वाले राज पाण्डेय और उनकी पत्नी इन्दू पाण्डेय ने मां के जेवरात के बक्से का ताला तोड़कर चोरी की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त इन्दू पाण्डेय पिछले 3 साल से मनीष शुक्ला के घर में किराए पर रह रही थी। उसने मकान मालिक का भरोसा जीता और मौका पाकर स्टोर रूम की चाबी से बक्से में रखे जेवरात पार कर दिए। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद वह 15 अप्रैल को कमरा खाली कर चली गई थी।
चोरी के पैसे से खरीदा लखनऊ में प्लॉट
पूछताछ के दौरान अभियुक्त इन्दू पाण्डेय ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि चोरी किए गए जेवरों में से 9.25 लाख रुपये के गहने उसने दो महीने पहले अपने जेठ नीरज पाण्डेय के साथ मिलकर लखनऊ के एक जौहरी को बेचे थे। उस पैसे से उसने लखनऊ के ग्राम सैथा में 600 वर्ग फीट का एक प्लॉट भी खरीद लिया, जिसकी रजिस्ट्री पुलिस ने बरामद कर ली है।
पुलिस की घेराबंदी और बरामदगी
रविवार, 26 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने हुसैन नगर नहर की पटरी के पास से इन्दू पाण्डेय और सुनार कुलदीप सोनी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इन्दू के पास से चोरी के गहने और 1.75 लाख रुपये नगद मिले, जो उसने हाल ही में कुलदीप को गहने बेचकर प्राप्त किए थे।
इसे भी पढ़े: व्हाइट हाउस में गोलीबारी: PM मोदी ने की निंदा, राष्ट्रपति ट्रंप और उप-राष्ट्रपति वेंस की कुशलता की कामना की
बरामद सामान की सूची:
- नकदी: 1,75,000 रुपये।
- जेवरात: भारी मात्रा में सोने के हार, चैन, लेडीज व जेंट्स अंगूठियां, नाक की कील और लॉकेट।
- अन्य: एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और लखनऊ में खरीदे गए प्लॉट के कागजात।
प्रभारी निरीक्षक चन्द्र कान्त मिश्र ने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें जेल भेजा जाएगा। घटना में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

1 ने “उन्नाव: 20 लाख के जेवरात चोरी का खुलासा, महिला किराएदार और सुनार गिरफ्तार” पर विचार किया;