उन्नाव | 25 मार्च 2026
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में आज थाना अचलगंज क्षेत्र में “मिशन शक्ति फेज-5.02” के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डॉ० वीरेन्द्र स्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा की उपस्थिति में पुलिस टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, आत्मनिर्भर बनाना और सुरक्षा उपायों की जानकारी देना रहा। इस दौरान छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, व्यक्तिगत सुरक्षा उपाय और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग की जानकारी दी गई और छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में आत्मरक्षा के व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिए गए, जिससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ा।
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन का सफल संचालन थाना अचलगंज पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा किया गया।
