मेला कमेटी ने अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान, 11 हजार रुपये का सहयोग दिया
उन्नाव। विधानसभा क्षेत्र भगवंतनगर के सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम खरौली स्थित माता देवकली मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल मेला महोत्सव में राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने माता देवकली के दर्शन कर देशवासियों की खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति की प्रार्थना की।
मेला स्थल पर पहुंचने पर मेला कमेटी और क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह का भव्य स्वागत किया। कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें माला पहनाकर, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने मेला आयोजन में सहयोग स्वरूप 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी एकता और सहयोग की भावना से ही संभव है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से जातीय बंधनों से ऊपर उठकर एक भव्य और मजबूत समाज के निर्माण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलजुल कर रहें, समाज में शांति और भाईचारा बना रहे तथा हर व्यक्ति स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सके, यही उनकी सोच है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका क्षेत्र राष्ट्र स्तर पर सशक्त और विकसित बने, इसके लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
इस दौरान कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलाओं और पुरुषों की उपस्थिति रही। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपस्थित जनसमूह को आगामी 15 मार्च को निहाल खेड़ा धनकोली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के होली मिलन समारोह में शामिल होने का भी आमंत्रण दिया। इस घोषणा पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर और जिन्दाबाद के नारों के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर राघवेंद्र सिंह प्रधान खरौली, आर.के. सिंह मामाजी, अरुण सिंह, मानवेन्द्र सिंह, नवनीत शुक्ला, बीरेंद्र कुमार, फूलचंद्र यादव, प्रखर सिंह अकवारा, पंकज सिंह बाबा, सुनील सिंह, विक्रम यादव, मैनेजर सिंह, आशू सिंह, रामजी यादव, सर्वेश उर्फ रिंकू, अनीश यादव, सौरभ सिंह, सेनू यादव, दीपक सिंह राजावत, मयंक पटेल, कमलेश यादव, अनूप यादव, अंकित सिंह, विश्वजीत चौहान सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
