उन्नाव। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निपुण भारत मिशन के तहत शनिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र बीघापुर में ‘हमारा आंगन–हमारे बच्चे’ उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों से चयनित निपुण बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार बीघापुर गणेश सिंह रहे। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी निशि श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी शुचि गुप्ता तथा एसआरजी अखिलेश शुक्ला भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने निपुण बच्चों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि निपुण भारत मिशन का उद्देश्य प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी क्षमता को मजबूत बनाना है, जिससे वे आगे की पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बीघापुर के निर्देश पर ब्लॉक की 15 न्याय पंचायतों से पांच से छह वर्ष आयु वर्ग के कुल 75 को-लोकेटेड आंगनवाड़ी के निपुण बच्चों का चयन कर कार्यक्रम में प्रतिभाग कराया गया। नोडल संकुल शिक्षकों को निर्देशित किया गया था कि वे चयनित बच्चों के साथ समय से कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एआरपी अर्चना सिंह, योगेश कुमार, मनीषा अवस्थी, विजय सिंह, पवन सिंह व संदीप शुक्ला सहित सुनील, महेंद्र, संतोष, तरुण और दुर्गेश कुमार शुक्ला का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन विश्वनाथ सिंह ने किया।
इस अवसर पर सभी नोडल संकुल शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, अभिभावक और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
