पाटन, उन्नाव।
गंगा एक्सप्रेसवे के चयनित संख्या 460+245 देवारा मोड़ पर शहीदों के नाम से स्लिप रोड निर्माण की मांग को लेकर चल रहा भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) बीघापुर इकाई का धरना बुधवार को नए मोड़ पर पहुंच गया। आंदोलन के 43वें दिन धरना प्रभारी 72 वर्षीय सोभनाथ अन्न त्यागकर डटे रहे।
सोभनाथ ने कहा कि “जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होंगी, मैं अन्न ग्रहण नहीं करूंगा।”
बीकेयू (टिकैत) पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अनशनरत वृद्ध किसान को किसी प्रकार की क्षति होने पर संबंधित विभाग जिम्मेदार होंगे। संगठन ने कहा कि अगर मांग पूरी नहीं होती है, तो यह आंदोलन क्षेत्रीय स्तर से बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर भी ले जाया जा सकता है।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय जवान, जय किसान, जय बैसवारा” के नारे लगाए।
एसडीएम रणवीर सिंह ने पहुँचकर तुड़वाया अनशन
इसी बीच 26 नवंबर को उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह धरना स्थल पहुंचे और सोभनाथ से वार्ता की। उन्होंने मांगों को उच्च अधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया। आश्वासन के उपरांत एसडीएम ने भाजी–पकौड़ी खिलाकर सोभनाथ का अन्न-त्याग अनशन तुड़वाया।
हालांकि, बीकेयू कार्यकर्ताओं ने साफ कहा है कि स्लिप मार्ग निर्माण की मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
