मनोज शर्मा / लखनऊ।
टी०आई० ई० लखनऊ (TiE Lucknow) द्वारा आयोजित अपने प्रमुख वार्षिक स्टार्टअप एवं उद्यमिता सम्मेलन “कैटेलिस्ट 2025” का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह सम्मेलन शहर और प्रदेश में नवाचार, उद्यमिता एवं व्यावसायिक नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
पूरे दिन चले इस सम्मेलन में क्षेत्रभर से आए स्टार्टअप संस्थापक, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ और उभरते उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ज्ञानवर्धक चर्चाएँ, विशेषज्ञ सत्र, नेटवर्किंग अवसर और नवोदित उद्यमियों के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को स्टार्टअप की दुनिया को करीब से समझने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
सम्मेलन के विशेष सत्र में श्री निखिल डूडा ने उपभोक्ता ब्रांड को शून्य से एक मजबूत और प्रतिष्ठित पहचान तक ले जाने के अपने अनुभव साझा किए। वहीं श्री सौरभ उबोवेया ने प्रतिस्पर्धी बाजार में टिकाऊ और प्रभावी ब्रांड रणनीतियों पर अपनी विशेषज्ञ राय प्रस्तुत की, जिसे प्रतिभागियों ने काफी सराहा।
टी०आई० ई० लखनऊ के प्रेसिडेंट का वक्तव्य
टी०आई० ई० लखनऊ के प्रेसिडेंट प्रणव अग्रवाल ने कहा,
“कैटेलिस्ट 2025 हमारे क्षेत्र के उद्यमियों और नवाचारकों के लिए एक अनोखा अवसर है। हमारा उद्देश्य स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त करना और युवाओं को उद्योग जगत के शीर्ष विशेषज्ञों से सीखने का मंच प्रदान करना है। माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री द्वारा निर्धारित स्टार्टअप विज़न को साकार करने की दिशा में इस पहल के माध्यम से अपना छोटा-सा योगदान देने पर हमें गर्व है।”
टी०आई० ई० लखनऊ के बारे में
टी०आई० ई० विश्व की अग्रणी उद्यमिता-उन्मुख संस्थाओं में से एक है, जो उद्यमियों को मेंटोरशिप, नेटवर्किंग, सीखने और निवेश के अवसर प्रदान करती है। टी०आई० ई० लखनऊ अध्याय क्षेत्र में स्टार्टअप संस्कृति, नवाचार और बिजनेस विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर विभिन्न कार्यक्रमों और पहलों का संचालन करता आ रहा है।
कैटेलिस्ट 2025 का यह सफल आयोजन प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई ऊर्जा और दिशा देने वाला साबित हुआ।
