शमसाद सिद्दिकी
लखनऊ। रविवार को वार्ड सरोजनी नगर सेकंड-18 स्थित शमा विहार कॉलोनी में 50 मीटर लंबी एवं 4 मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क तथा नाली के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यह शिलान्यास मोहम्मद इस्लाम के घर से मतीन अहमद के घर होते हुए मोहम्मद इश्तियाक के घर तक प्रस्तावित निर्माण के लिए किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल एवं विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के आशीर्वाद से पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट द्वारा किया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम में पूजा-अर्चना कर मोहम्मद इस्लाम से नारियल फोड़वाया गया तथा जहीर खान द्वारा फावड़ा मरवाकर विधिवत रूप से कार्य का शुभारंभ कराया गया। इस अवसर पर पार्षद रामनरेश रावत, भाजपा कार्यकर्ता, शमा विहार कॉलोनी एवं आसपास के मोहल्लों के निवासी तथा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ता संतोष त्रिपाठी ने बताया कि शमा विहार कॉलोनी की यह सड़क वर्षों से कच्ची पड़ी हुई थी, जिससे घरों का पानी सड़क पर भर जाता था। इससे बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब नाली एवं इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण से कॉलोनीवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह कार्य पार्षद निधि से लगभग 5 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलोनीवासियों ने पार्षद रामनरेश रावत का फूल-मालाओं से स्वागत किया एवं लड्डू खिलाकर आभार व्यक्त किया। पार्षद रामनरेश रावत ने इस विकास कार्य का श्रेय माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल एवं विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और आशीर्वाद से ही क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ता संतोष त्रिपाठी ने शमा विहार कॉलोनी के निवासियों एवं मंडल कार्यकर्ताओं की ओर से लखनऊ सांसद एवं रक्षा मंत्री भारत सरकार माननीय राजनाथ सिंह, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, भाजपा नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नगर आयुक्त गौरव कुमार एवं पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट का धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।
शिलान्यास कार्यक्रम में फूलचंद गौतम, प्रीतम सिंह, जयराम यादव, आलोक श्रीवास्तव, रितेश दुबे, प्रिंस तौहीद, शकील अहमद, मोइन अहमद, असलम सहित शमा विहार कॉलोनी एवं आसपास के भाजपा मंडल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
