सिद्धौर, बाराबंकी। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर रविवार को जैदपुर विधानसभा क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने कलश पूजन कर संत रविदास महाराज की आरती की और प्रसाद का वितरण किया।
कलश यात्रा ग्राम मुरलीगंज, मुर्तजीपुर, हाजीपुर गढ़ी, आराजी, कस्बा सिद्धौर, सैदपुर और पोरई सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने कलश यात्रा का स्वागत किया और धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आरती रावत ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विधि-विधान से कलश पूजन किया और संत रविदास महाराज की आरती की। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर संत रविदास महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री बृजेश रावत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमरेश रावत, मंडल अध्यक्ष प्रवीण सिंह सिसोदिया, चेयरमैन प्रतिनिधि लल्लू रावत, सत्यनाम सिंह वर्मा गुड्डू, डॉ. राजेंद्र वर्मा, प्रमोद वर्मा, रामराज, रमाकांत शर्मा, दीनानाथ सहित बड़ी संख्या में जनसमुदाय मौजूद रहा।
