उन्नाव। विधानसभा क्षेत्र भगवन्तनगर के सिकंदरपुर कर्ण विकासखंड की ग्राम पंचायत टिकरी गनेश एहत माली के श्रद्धालुओं के लिए राष्ट्रसेवक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह के द्वारा संचालित ‘श्री रामलला श्रवण कुमार निशुल्क तीर्थयात्रा’ का क्रम लगातार जारी है। इसी कड़ी में 58 श्रद्धालुओं का एक और जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ।

मवईया लायक से तीर्थयात्रा की बस को राष्ट्रसेवक पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह के बड़े भाई मानवेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। श्रद्धालुओं के प्रस्थान के समय ‘जय श्री राम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मानवेन्द्र सिंह ने सभी श्रद्धालुओं का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मान किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के पावन धाम की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर है।
आयोजकों के अनुसार, यह पहल श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराने के साथ ही सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। क्षेत्रीय लोगों ने राष्ट्रसेवक पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह की ओर से संचालित इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सेवा बताया।
तीर्थयात्रा को रवाना होते देखने के लिए क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग मवईया लायक पहुंचे। सभी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और सुरक्षित यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर मानवेन्द्र सिंह, शिवम, राजेंद्र, रामआसरे, प्रभात, लक्ष्मण, आरके सिंह मामाजी, आरती, मिथलेश कुमारी, सन्नो, राघवेंद्र, आशू, प्रखर, रामजी यादव, अमन सिंह, दीपक राजावत, पंकज सिंह बाबाजी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
