पुरवा (उन्नाव)। पुरवा ब्लॉक क्षेत्र के मियागंज चौराहे पर दिव्यांगजन फाउंडेशन के तत्वावधान में दिव्यांगजनों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिव्यांगजनों की विभिन्न मूलभूत समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए सुझाव साझा किए गए।
बैठक में दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान स्व-रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी देने के साथ स्वयं सहायता समूह के गठन और उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया।
फाउंडेशन के सचिव श्रीकांत तिवारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से दिव्यांगजन आपस में संगठित होकर रोजगार के नए अवसर विकसित कर सकते हैं। साथ ही समूह के माध्यम से पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिव्यांगजन फाउंडेशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह गोल्डी ने संस्था की ओर से दिव्यांगजनों के हित में संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने दिव्यांगजनों से संगठन से जुड़कर एकजुट होने और अपने अधिकारों तथा विकास के लिए सक्रिय रूप से आगे आने की अपील की।
सोनू के नेतृत्व एवं संचालन में आयोजित बैठक में सोनू, रामबाबू, शीला देवी, रामजीवन (कोटेदार), भीखा लाल और हेम कुमारी सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक के माध्यम से दिव्यांगजनों को संगठित होकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
