पुरवा, उन्नाव। परिषदीय विद्यालयों में गुरुवार को मीना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने मीना का जन्मदिन केक काटकर मनाया और विभिन्न लघु नाटिकाओं के माध्यम से बालिका शिक्षा, अधिकार और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
विकासखंड हिलौली के उच्च प्राथमिक विद्यालय भवानीगंज में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जेसिका, अंशिका, कामिनी, खुशनुमा, सोनाली और मोनिका ने ‘बदलीपुर के चीते’ लघु नाटिका का मंचन किया। वहीं अनामिका, अनमोल, नीशू और अर्पिता ने ‘मुझे पढ़ना है, आगे बढ़ना है’ लघु नाटिका प्रस्तुत कर बालिकाओं की शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
मीना मंच की नोडल पल्लवी मिश्रा ने बताया कि मीना मंच यूनिसेफ द्वारा शुरू किया गया अभियान है, जिसका उद्देश्य बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को शिक्षा, अधिकारों और सामाजिक बदलाव के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि मीना एक समझदार और साहसी बालिका का चरित्र है, जो दक्षिण एशिया की ग्रामीण जीवनशैली का प्रतिनिधित्व करती है।
कार्यक्रम के दौरान मीना की भूमिका निभा रही खुशी ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। इसके बाद विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस मौके पर प्रधान शिक्षक कमलेश कुमार, वंदना शर्मा, सतीश कुमार, शिवम चौरसिया, रचना दीक्षित, ममता, अर्चना और संगीता सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
