उन्नाव। बीघापुर तहसील क्षेत्र के महेशखेड़ा स्थित अमर शहीद रामलखन सिंह स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हाईस्कूल स्तर तक मान्यता होने के बावजूद इंटरमीडिएट की कक्षाएं संचालित किए जाने की शिकायत की गई है। मामले में शिकायतकर्ता ने जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय की मान्यता और संचालित कक्षाओं की जांच कराने की मांग की है।
ग्राम बिहार निवासी यतींद्र नाथ मिश्र ने जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि विद्यालय को हाईस्कूल स्तर तक मान्यता प्राप्त है, जबकि लंबे समय से यहां इंटरमीडिएट यानी कक्षा 11 और 12 की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। शिकायतकर्ता ने विद्यालय की मान्यता, कक्षाओं के संचालन और संबंधित अभिलेखों की जांच कराने का अनुरोध किया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि विद्यालय में इंटरमीडिएट स्तर की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं तो इसकी अनुमति अथवा मान्यता से संबंधित स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षिक हित प्रभावित न हों। उन्होंने मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने और नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।
डीआईओएस बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि विद्यालय की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में मान्यता के विपरीत कक्षाओं का संचालन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
