सिद्धौर, बाराबंकी। जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा सिद्धौर में गुरुवार को थाना असंद्रा के अंतर्गत सिद्धौर पुलिस चौकी में दशहरा मेला एवं दुर्गा पूजा को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला और धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों एवं क्षेत्रीय लोगों के साथ चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए असंद्रा थाना प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि दशहरा मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
थाना प्रभारी ने बताया कि राम बारात शोभायात्रा और मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। उन्होंने आयोजकों एवं क्षेत्रीय नागरिकों से शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस अधिकारियों को सूचना दें।
बैठक में सिद्धौर चौकी प्रभारी गौरव सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा चेयरमैन प्रतिनिधि लल्लू रावत, प्रधान सत्यनाम सिंह वर्मा उर्फ गुड्डू, डॉ. राजेंद्र वर्मा, महंत अनिल पुरी, राम प्रसाद वर्मा, अनुज नाग, रामचंद्र सहित दशहरा मेला कमेटी के पदाधिकारी एवं कस्बा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
