मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर ही गंदगी, अधिकारी-कर्मचारी और फरियादियों का रोजाना होता है आवागमन
पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर के मुख्यालय पाटन में तहसील गेट के बगल में लंबे समय से लगा कूड़े का ढेर स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहा है। मुख्य प्रवेश द्वार के पास कूड़ा-कचरा जमा होने से आसपास गंदगी का माहौल बना हुआ है। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
तहसील मुख्यालय के मुख्य गेट से प्रतिदिन अधिकारी-कर्मचारी, फरियादी और आम लोगों का आवागमन होता है। इसके अलावा जिले के आला अधिकारियों की भी तहसील में आवाजाही रहती है। इसके बावजूद प्रवेश द्वार के पास लंबे समय से जमा कूड़े की सफाई न होना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
सरकार की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों से लेकर सरकारी कार्यालयों तक साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऐसे में तहसील मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर ही कूड़े का ढेर स्वच्छता अभियान के दावों को आईना दिखा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय के मुख्य गेट के पास ही सफाई व्यवस्था बदहाल है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कूड़ा हटवाने के साथ ही तहसील परिसर और आसपास नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
