संवाददाता – राजेश राजपूत
पाटन, उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पोखरी में बुधवार रात एक 23 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल उन्नाव भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पोखरी निवासी कमलेश कुमार का 23 वर्षीय पुत्र अमरेंद्र कुमार मुंबई में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार रात करीब नौ बजे उसने गांव के बाहर बने खुले घर में छत के जाल से अंगौछे के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों को घटना की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
बताया गया कि अमरेंद्र बीते गुरुवार को ही मुंबई से अपने गांव लौटा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
इकलौते बेटे की मौत से मां गुड्डी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अविवाहित बहन नेहा और शादीशुदा बहन रोली सहित अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
