नयी दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि खादी अब राजधानी में रोजगार, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सरकार ने 50 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत 13,900 से अधिक युवाओं को खादी, हैंडलूम और कुटीर उद्योगों में प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी और देश की हस्तशिल्प परंपरा के साथ स्वदेशी उद्यमिता को नई दिशा देगी।
उद्योग मंत्री मनजिंदर सिरसा ने जानकारी दी कि लगभग चार साल बाद दिल्ली खादी एवं ग्राम उद्योग बोर्ड (डीकेवीआईबी) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (डीएसआईआईडीसी) के सहयोग से कनॉट प्लेस में एक भव्य खादी एम्पोरियम स्थापित किया जाएगा।
यह एम्पोरियम “वन-स्टॉप” अनुभव प्रदान करेगा, जहां भारत के करीब 650 जीआई टैग उत्पादों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित और बेचा जाएगा, ताकि देशी और विदेशी उपभोक्ता एक ही छत के नीचे भारतीय हस्तशिल्प धरोहर को करीब से देख और खरीद सकें।
Source – वार्ता
