उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ददई खेड़ा में आवारा सांड के हमले में जान गंवाने वाले किसान स्वर्गीय अंजनी कुमार पटेल के परिवार से समाजसेवी एवं युवा नेता अंकित सिंह परिहार ने मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने किसान के बेटे की उच्च शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की।
परिवार से बातचीत के दौरान स्वर्गीय अंजनी कुमार पटेल के पुत्र अनमोल पटेल ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष अच्छे अंकों से इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण की है और बी.टेक. कर इंजीनियर बनने का सपना देखते हैं। पिता के आकस्मिक निधन के बाद आर्थिक संकट के कारण उनकी आगे की पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया था।
अनमोल की बात सुनने के बाद अंकित सिंह परिहार ने घोषणा की कि वे उनकी बी.टेक. की संपूर्ण शिक्षा का खर्च स्वयं वहन करेंगे, ताकि आर्थिक तंगी उनके सपनों के बीच बाधा न बने।
इस अवसर पर अंकित सिंह परिहार ने कहा कि प्रदेश में आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। पहले यह समस्या केवल किसानों की फसलों तक सीमित थी, लेकिन अब किसानों की जान भी जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने की मांग की।
ग्रामीणों ने भी आवारा पशुओं से बढ़ती परेशानियों का उल्लेख करते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। वहीं, अंकित सिंह परिहार द्वारा किसान परिवार की सहायता और अनमोल पटेल की शिक्षा की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
