पटना। बिहार विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को राघोपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब-जब सत्ता में आई, उसने बिहार की प्रगति की रफ्तार रोक दी, जबकि एनडीए गठबंधन ही ऐसा गठबंधन है जो राज्य को तेजी से आगे बढ़ाने की दृष्टि और क्षमता दोनों रखता है।
राजनाथ सिंह ने अपने भाषण में कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र से मिलने वाली सहायता में एनडीए और यूपीए सरकारों का फर्क साफ दिखता है। “मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने बिहार के लिए केवल 2 लाख करोड़ रुपये जारी किए थे, जबकि मोदी सरकार के दस सालों में 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि राज्य के विकास कार्यों में लगाई गई है,” उन्होंने कहा।
रक्षा मंत्री ने मतदाताओं से अपील की कि वे राज्य में स्थिर और निरंतर विकास के लिए एनडीए को समर्थन दें। उन्होंने कहा, “आज दुनिया में भारत की आवाज़ सुनी जाती है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान हर मंच पर बढ़ा है। बिहार को भी इसी रफ्तार से आगे बढ़ाने की जरूरत है।”
अमित शाह ने राजद पर साधा निशाना, बोले – ‘जीविका दीदियों’ के पैसे कोई नहीं छीन सकता
दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दरभंगा की रैली में राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में जीविका समूह की दीदियों के खातों में 10,000 रुपये प्रति सदस्य के हिसाब से एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी है।
शाह ने कहा, “यह चौंकाने वाली बात है कि राजद ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर इस राशि को वापस लेने की मांग की है। मैं उन दीदियों से कहना चाहता हूँ — चाहे लालू और तेजस्वी की तीन पीढ़ियाँ भी क्यों न आ जाएँ, वे आपसे यह पैसे नहीं छीन सकते।”
शाह ने कहा कि एनडीए सरकार गरीबों और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है, और विपक्ष को इससे जलन हो रही है।
