सपा प्रमुख ने एनडीए पर साधा निशाना, कहा – तेजस्वी के वादों से घबराई सत्तारूढ़ पार्टी
पटना । बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एनडीए पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन बिहार को गिरवी रखना चाहता है और राजद नेता तेजस्वी यादव के रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े वादों से घबराया हुआ है।
अखिलेश यादव ने कहा कि “एनडीए के नेता घबराए हुए हैं। तेजस्वी यादव द्वारा युवाओं को नौकरी देने और महिलाओं को सम्मान राशि देने के वादे से वे परेशान हैं। बिहार की जनता इस बार समरसता चुनेगी।”
बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “बीजेपी गप्पू और चप्पू की पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा था कि चांद पर ज़मीन देंगे, हर खाते में 15 लाख रुपये आएंगे और करोड़ों नौकरियां दी जाएंगी, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ।”
उन्होंने आगे कहा कि “बीजेपी के पास न नीति है, न नियत। उन्हें रोजगार से कोई मतलब नहीं है। यही कारण है कि पलायन बढ़ रहा है। हर घर में सरकारी नौकरी क्यों नहीं हो सकती? जब मैंने 14 हजार करोड़ रुपये का एक्सप्रेसवे बनाया, तब बीजेपी ने कहा था कि यह असंभव है, लेकिन आज उसी पर प्रधानमंत्री का विमान उतरता है।”
अखिलेश ने मोकामा में हुई एक हत्या की घटना का ज़िक्र करते हुए कहा कि “जब भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद अपराध हो सकता है, तो यह सवाल उठता है कि राज्य में जंगलराज है या मंगलराज।”
उन्होंने कहा कि “बिहार को गप्पू और चप्पू से बचाना होगा और जनता को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए जो चुनाव के समय सिर्फ वादे करते हैं, पर निभाते नहीं।
